भोपाल में सनसनी: नकाबपोश युवक ने तीन अलग-अलग जगहों पर तीन युवतियों पर किया चाकू से हमला

नकाबपोश युवक ने देर रात तीन अलग-अलग इलाकों में वारदात को दिया अंजाम पीड़ित युवतियां आरोपी को नहीं जानतीं, पुलिस के लिए बना बड़ा सवाल CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज, इलाके में बढ़ाई गई गश्त

Mp news: भोपाल से एक चौंकाने वाला और डराने वाला मामला सामने आया है। शहर में एक अज्ञात युवक ने तीन अलग-अलग जगहों पर तीन युवतियों पर चाकू से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि तीनों पीड़ित युवतियां हमलावर को पहले से नहीं जानती थीं और न ही किसी तरह का कोई विवाद सामने आया है। इस घटना ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी सकते में डाल दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बिना किसी जान-पहचान के युवक ने ऐसा क्यों किया?

 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, देर रात नकाब बांधे एक युवक ने भोपाल के पिपलानी और अयोध्या नगर इलाके में युवतियों को निशाना बनाया। दो युवतियों पर पिपलानी क्षेत्र में जबकि एक युवती पर अयोध्या नगर में चाकू से हमला किया गया। तीनों युवतियों की उम्र 19 से 21 साल के बीच बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज़ कर दी गई है।

 

आरोपी को नहीं जानतीं पीड़िताएं

पुलिस के मुताबिक, तीनों युवतियों ने बयान में साफ कहा है कि वे हमलावर युवक को बिल्कुल नहीं जानतीं। अलग-अलग जगहों पर एक जैसे हमले होने से पुलिस भी हैरान है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

 

CCTV फुटेज आया सामने

इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक अचानक आता है और युवती पर चाकू से हमला कर मौके से फरार हो जाता है। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि आरोपी ने पहले हमला किया और फिर युवती को पास बुलाने की कोशिश की। घटना रात के समय की है, जिस वजह से आरोपी का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा है।

 

पुलिस अलर्ट, गश्त बढ़ाई गई

घटना के बाद पिपलानी पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर में लगातार हुई इस तरह की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button