भारत में माइक्रोसॉफ्ट का अब तक का सबसे बड़ा एशियन निवेश, 17.5 बिलियन डॉलर लगाएगी कंपनी
भारत में एआई सेक्टर को मिलेगी बड़ी मजबूती। माइक्रोसॉफ्ट 2026 से 2029 तक लगाएगी 17.5 अरब डॉलर। सत्या नडेला ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद किया ऐलान।

अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में 17.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.58 लाख करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है। कंपनी का ये निवेश एशिया में अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। कंपनी ने बयान में बताया कि 2026 से 2029 के बीच अगले चार सालों में ये पैसा भारत में एआई को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाने पर खर्च किया जाएगा। खास बात ये है कि ये निवेश माइक्रोसॉफ्ट के जनवरी 2025 में घोषित 3 बिलियन डॉलर वाले कमिटमेंट से अलग है।
सत्या नडेला की पीएम मोदी से मुलाकात
सत्या नडेला ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इसके बाद उन्होंने एक्स पर एक फोटो पोस्ट करते हुए भारत में निवेश का ऐलान किया। नडेला ने लिखा, “भारत के लक्ष्यों और महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट 17.5 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जता रही है। ये एशिया में हमारा सबसे बड़ा निवेश होगा। इससे भारत के एआई भविष्य के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल्स और सॉवरेन क्षमताएं तैयार की जाएंगी।”
भारत तेजी से बढ़ता डिजिटल मार्केट
भारत फिलहाल दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल मार्केट्स में से एक है। यहां तकनीक के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं, यही वजह है कि अमेरिकी टेक कंपनियां भी भारत में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। हाल ही में पीएम मोदी ने कहा था कि जब पूरी दुनिया अनिश्चितताओं का सामना कर रही है, तब भारत को एक अलग नज़रिए से देखा जा रहा है। उनके शब्दों में “भारत आत्मविश्वास से भरा है। दुनिया आर्थिक सुस्ती की बात करती है, और भारत विकास की कहानी लिख रहा है।”



