बीयर पीने की होड़ बनी जानलेवा: आंध्र प्रदेश में दो सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मौत
संक्रांति के जश्न के दौरान जरूरत से ज्यादा बीयर पीने से बिगड़ी तबीयत चेन्नई और बेंगलुरु में काम करने वाले थे दोनों युवक पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत शुरू की जांच

Andhra pradesh: शराब का अत्यधिक सेवन कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक दर्दनाक उदाहरण आंध्र प्रदेश से सामने आया है। यहां संक्रांति के दौरान बीयर पीने की कथित होड़ दो सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की जान ले बैठी। आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में रहने वाले दो युवक, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, त्योहार मनाने के लिए अपने गांव लौटे थे। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मणिकुमार और 22 वर्षीय पुष्पराज के रूप में हुई है। दोनों कंबमवरीपल्ली मंडल के बांदावड्डीपल्ले गांव के निवासी थे और चेन्नई व बेंगलुरु में नौकरी कर रहे थे।
बीयर पीने की होड़ बनी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, संक्रांति के जश्न के दौरान दोनों युवक पिछले कुछ दिनों से दोस्तों के साथ शराब का सेवन कर रहे थे। घटना वाली रात कथित तौर पर दोनों के बीच बीयर पीने को लेकर कॉम्पिटिशन हो गया। इसे जीतने के चक्कर में दोनों ने जरूरत से ज्यादा बीयर पी ली, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
मणिकुमार के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत का कारण अत्यधिक शराब का सेवन ही था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है। मणिकुमार अपने पीछे पत्नी और दो साल के बेटे को छोड़ गए हैं, जबकि पुष्पराज अविवाहित थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। त्योहारी खुशियां पलभर में गहरे शोक में बदल गईं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



