पोखरा में बुद्ध एयर का विमान चिड़िया से टकराया, सुरक्षित लैंडिंग
पोखरा में बुद्ध एयर का विमान लैंडिंग के दौरान चिड़िया से टकराया। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे, कोई बड़ा नुकसान नहीं। विमान को जांच के बाद हैंगर में सुरक्षित रखा गया, यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था से पहुंचाया जा रहा है।

शनिवार को नेपाल में एक विमान बर्ड हिट का शिकार हुआ, जिससे यात्रियों और चालक दल में थोड़ी सनसनी फैल गई। घटना काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भर रहे बुद्ध एयर के विमान 9N-AOC के साथ हुई। हवाई अड्डा अधिकारियों के मुताबिक, विमान करीब दोपहर 3:45 बजे लैंडिंग के दौरान चिड़िया से टकराया। शुक्र है कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की। जांच में पाया गया कि प्रोपेलर ब्लेड को मामूली क्षति पहुंची है, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि विमान को सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से हैंगर में ले जाया गया।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपने गंतव्य तक आसानी से पहुँच सकें।



