पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति में बड़ा उलटफेर बीजेपी में शामिल हुए पूर्व NSG कमांडर, CRPF DSP और CPM नेता की बेटी सुवेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर पर लगाए गंभीर आरोप

West Bengal: पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव दिखने लगे हैं। मंगलवार को कोलकाता में बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में कई जाने-माने लोग भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
इस लिस्ट में शामिल हैं:
दीपांजन चक्रवर्ती – पूर्व NSG कमांडर और देश के अंडरकवर एजेंट। बिप्लब बिस्वास – CRPF के पूर्व DSP रैंक के अधिकारी। कस्तूरी गोस्वामी – पूर्व CPM कैबिनेट मंत्री खिती गोस्वामी की बेटी।
हुमायूं कबीर पर लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी के निलंबित विधायक और जनता उन्नयन पार्टी के मुखिया हुमायूं कबीर पर गंभीर आरोप लगाए। अधिकारी का दावा है कि मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने से पहले हुमायूं कबीर 7 दिनों तक बांग्लादेश में थे। साथ ही उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अकाउंट से पैसे ले रहे हैं, जिसमें बांग्लादेश से धनराशि आ रही है। अधिकारी ने इसकी गंभीर जांच की मांग की।
पिछले चुनावी समीकरण
पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं। पिछले 2021 के चुनाव में ममता बनर्जी की TMC ने एकतरफा जीत हासिल की थी। उस चुनाव में TMC ने 213 सीटें जीती थीं और उनका वोट शेयर लगभग 48% था। वहीं, BJP राज्य में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी और 77 सीटों पर कब्जा जमाया।



