नेपाल में तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 भारतीयों की मौत
नेपाल में भारतीय तीर्थयात्रियों की बस खाई में गिरी, 7 की मौत मनकामना मंदिर से लौटते समय गोरखा जिले में हुआ हादसा घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस कर रही जांच

काठमांडू: नेपाल से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस मध्य नेपाल में खाई में गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मनकामना मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह बस भारतीय तीर्थयात्रियों को लेकर मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।
सभी मृतक भारतीय नागरिक
जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल के अनुसार, इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है। सभी मृतक भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में घायल सात यात्रियों को बचा लिया गया है। सभी को आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं बस का चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



