नए साल पर यात्रियों को राहत: दिल्ली–वाराणसी के बीच स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन का ऐलान
नए साल की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने दिल्ली–वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह सुपरफास्ट ट्रेन कुल 6 ट्रिप्स में चलेगी और सभी प्रमुख क्लास की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को टिकट की परेशानी और लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी।

Train: नए साल के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने दिल्ली और वाराणसी के बीच एक स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष सेवा खास तौर पर पीक सीजन में यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। उत्तर रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन कुल 6 ट्रिप्स में चलाई जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को 1st AC, AC 2 Tier, AC 3 Tier, स्लीपर और जनरल क्लास की सुविधा मिलेगी, जिससे हर वर्ग के यात्री आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन का संचालन कब होगा
दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन संख्या 04024 को 27 दिसंबर, 29 दिसंबर और 31 दिसंबर 2025 को चलाया जाएगा। वहीं, वाराणसी से दिल्ली लौटने वाली ट्रेन संख्या 04023 28 दिसंबर, 30 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को रवाना होगी।
ट्रेन का शेड्यूल और स्टॉपेज
ट्रेन संख्या 04024 दिल्ली जंक्शन से शाम 7:25 बजे प्रस्थान करेगी और गाजियाबाद, मुरादाबाद, लखनऊ, रायबरेली जंक्शन व मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04023 वाराणसी से शाम 6:35 बजे चलेगी और लखनऊ, रायबरेली, मुरादाबाद व गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगली सुबह 8:50 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों को समय रहते टिकट बुक कराने की सलाह दी है। ट्रेन से जुड़ी ताजा जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 पर प्राप्त की जा सकती है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस विशेष ट्रेन सेवा का उद्देश्य त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इससे टिकट की किल्लत और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या काफी हद तक कम होगी।



