देहरादून बस हादसा: कालसी में खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस, 3 की मौत, कई गंभीर

कालसी इलाके में हिमाचल रोडवेज की बस गहरी खाई में गिरी हादसे में 3 यात्रियों की मौत, 6-7 की हालत गंभीर SDRF की टीमें मौके पर, सीएम धामी ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

Uttarakhand news: देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक पैसेंजर बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 6 से 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

 

SDRF की टीमें मौके पर, राहत-बचाव जारी

स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के मुताबिक, यह हादसा देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में क्वानू–मीनस रोड के दुर्गम इलाके में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी से SDRF की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना की गईं। रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य में जुटीं रहीं।

 

सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि कालसी क्षेत्र में बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर जरूरी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी नजदीकी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा।

 

तमिलनाडु में भी हुआ बस हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को तमिलनाडु के अरियालुर जिले में भी एक सड़क हादसा हुआ था। तिरुचि–चिदंबरम नेशनल हाईवे पर समयपुरम मरियम्मन मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन पलट गई थी। यह हादसा पोय्यूर गांव के पास हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कीझापझुवुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

Related Articles

Back to top button