संभाजीनगर: तकनीकी खराबी के चलते पंकजा मुंडे ने टाली हवाई यात्रा
हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते पंकजा मुंडे ने टाली लातूर यात्रा अजित पवार के प्लेन क्रैश के बाद नेताओं में बढ़ी हवाई सफर को लेकर सतर्कता चुनाव प्रचार के लिए जाना था लातूर, पायलट की चेतावनी के बाद लिया फैसला

Pankaja munde: महाराष्ट्र में हालिया विमान हादसों के बाद नेताओं के बीच हवाई यात्रा को लेकर सतर्कता साफ दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी पाए जाने के बाद उन्होंने यात्रा रद्द करने का फैसला किया।
लातूर जाने का था कार्यक्रम
पंकजा मुंडे को संभाजीनगर से लातूर हेलिकॉप्टर के जरिए जाना था। वहां उन्हें जिला परिषद चुनाव के प्रचार में हिस्सा लेना था। लेकिन उड़ान से पहले पायलट ने हेलिकॉप्टर में तकनीकी समस्या की जानकारी दी, जिसके बाद पंकजा मुंडे ने एहतियातन हवाई यात्रा टाल दी।
नेताओं में बढ़ी सतर्कता
दरअसल, एनसीपी नेता अजित पवार के हालिया प्लेन क्रैश में निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हवाई सफर को लेकर अलर्ट मोड देखा जा रहा है। नेता अब उड़ान से पहले सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
हालिया विमान हादसे
गौरतलब है कि हाल ही में बारामती में हुए प्लेन क्रैश में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। अजित पवार उस समय महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम थे और मुंबई से बारामती एक सभा को संबोधित करने के लिए रवाना हुए थे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया गया। इसके अलावा, इससे पहले 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट 171 अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत हो गई थी। वहीं साल 2021 में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की भी तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए Mi-17V5 हेलिकॉप्टर हादसे में जान चली गई थी।
विमान हादसों में बचने की संभावना कम
विशेषज्ञों का मानना है कि प्लेन या हेलिकॉप्टर क्रैश की स्थिति में यात्रियों के बचने की संभावना बेहद कम होती है, यही वजह है कि हालिया घटनाओं के बाद नेता और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।



