दिल्ली-NCR में हवा ‘गंभीर’ स्तर पर, CJI ने वकीलों को दी बड़ी सलाह
दिल्ली-NCR में हवा गंभीर स्तर पर, AQI 461 तक पहुँचा। CJI ने वकीलों और वादियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पैरवी करने की सलाह दी। GRAP स्टेज 4 लागू, स्कूल और ऑफिस में कई पाबंदियाँ शुरू।

दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता बेहद खतरनाक स्तर पर पहुँच चुकी है। राजधानी में रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 461 दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे खराब स्तर है। एक दिन पहले AQI 432 था, और आज भी कई इलाकों में AQI 400 के पार है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली की हवा लगातार ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है।
CJI ने दिया वकीलों और वादियों के लिए सुझाव
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने वकीलों और वादियों को एक बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा है कि यदि संभव हो तो मामले की पैरवी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को जारी परिपत्र में बताया कि सभी सूचीबद्ध मामलों में वकील और पक्षकार ‘हाइब्रिड मोड’ में पेश हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी है कि यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। इससे पहले 26 नवंबर को CJI ने खुद अस्वस्थ महसूस करने की बात कही थी और वर्चुअल सुनवाई पर विचार किया था।
दिल्ली में लागू है GRAP स्टेज 4
प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने GRAP की स्टेज 4 लागू कर दी है। इसके तहत कई प्रतिबंध लगाए गए हैं:ट्रकों की एंट्री पर प्रतिबंध, BS-4 डीजल और BS-3 पेट्रोल वाहनों पर बैन, केवल जरूरी सेवाओं वाली गाड़ियों को छूट, सभी कंस्ट्रक्शन के कामों पर रोक, स्टोन क्रशर के काम बंद, स्कूलों में 11वीं तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में, ऑफिस में 50% कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम, गौतमबुद्धनगर में 5वीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं।
राजधानी में दृश्यता पर असर
आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम रही। बाराखंभा रोड और पंडित पंत मार्ग पर AQI क्रमशः 474 और 417 दर्ज किया गया। धुंध के कारण लोग हेडलाइट जलाकर वाहन धीरे-धीरे चला रहे थे।



