महाराष्ट्र के बदलापुर में कांग्रेस नेता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा
तीन साल पहले हुई कांग्रेस नेता नीरजा आंबेकर की मौत अब हत्या साबित हुई है। पत्नी की हत्या उसके पति रूपेश आंबेकर और तीन साथियों ने सांप से कराई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

महाराष्ट्र के बदलापुर में तीन साल पहले हुई कांग्रेस की महिला पदाधिकारी नीरजा आंबेकर की मौत अब हत्या साबित हो गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि जिसे पहले प्राकृतिक मौत माना जा रहा था, वह असल में नीरजा के पति रूपेश आंबेकर ने अपने तीन साथियों की मदद से योजनाबद्ध तरीके से कराई थी।
सांप से मारने का क्रूर तरीका
जांच में सामने आया है कि हत्या को आत्महत्या या प्राकृतिक मौत जैसा दिखाने के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया गया। आरोपी ऋषिकेश चाळके के बयान के अनुसार, नीरजा के घर में पहले से ही जहरीला सांप छुपा दिया गया था। फिर रूपेश आंबेकर ने बहाने से उन्हें हॉल में लिटाया। उसके बाद चेतन दुधाने ने सांप निकालकर ऋषिकेश को दिया, जिसने जानबूझकर नीरजा के बाएं टखने को तीन बार डसवाया।
तीन साल बाद सच हुआ उजागर
हत्या के समय पुलिस ने इसे एक्सीडेंट डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर सामान्य मौत बता दी थी। लेकिन हाल ही में, ऋषिकेश चाळके से पूछताछ में यह राज खुला। अब पुलिस ने रूपेश आंबेकर, चेतन दुधाने, कुणाल चौधरी और ऋषिकेश चाळके को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही झूठा मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने वाले डॉक्टरों की भी जांच की जाएगी।



