दिल्ली में चोरी के मोबाइल का बड़ा नेटवर्क पकड़ा, 83 फोन बरामद

इंटरस्टेट मोबाइल चोरी गैंग का खुलासा 83 चोरी के फोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजे जा रहे थे मोबाइल

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इंटरस्टेट स्तर पर चोरी के मोबाइल खरीदकर बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 83 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

कैसे चल रहा था पूरा खेल

पुलिस के अनुसार, ये मोबाइल दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगहों से चोरी किए जाते थे। इसके बाद इन्हें पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने की तैयारी की जाती थी। 27 मार्च को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि यमुना विहार इलाके में चोरी के फोन इकट्ठा किए जा रहे हैं।

 

किराए के मकान में छापा

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर छापा मारा। यहां एक कार्टन में पैक किए जा रहे 83 मोबाइल फोन बरामद हुए। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों—सावेज (गाजियाबाद निवासी) और फर्दीन (भलस्वा डेयरी, दिल्ली निवासी) को गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में बड़ा खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के मोबाइल दानिश नाम के शख्स से खरीदते थे। इसके बाद इन्हें कूरियर के जरिए पश्चिम बंगाल भेजा जाता था, जहां से आगे बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। बरामद मोबाइल में Apple iPhone, Samsung Galaxy, OnePlus smartphones, वीवो, ओप्पो, रियलमी, रेडमी, पोको और मोटोरोला जैसे ब्रांड शामिल हैं।

 

मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस ने जब मोबाइल फोन के IMEI नंबर चेक किए तो कई फोन दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। फिलहाल क्राइम ब्रांच इस गिरोह के मास्टरमाइंड दानिश की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button