बिहार बोर्ड टॉपर्स: सबरीन परवीन बनीं नंबर-1, नाहिद सुल्तान सेकंड टॉपर

वैशाली की सबरीन परवीन ने किया बिहार टॉप 492 अंक के साथ पुष्पांजलि भी संयुक्त रूप से प्रथम बेगूसराय की नाहिद सुल्तान बनीं सेकंड टॉपर, डॉक्टर बनने का सपना

Bihar: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के रिजल्ट में इस बार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप पर कब्जा जमाया है। वैशाली जिले की सबरीन परवीन ने 492 अंक हासिल कर पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि बेगूसराय की नाहिद सुल्तान 489 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं।

 

सबरीन की मेहनत ने दिलाया टॉप

वैशाली जिला के चेहरा कलां प्रखंड के एक छोटे से गांव की रहने वाली सबरीन परवीन ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। वह रोजाना 10 से 11 घंटे पढ़ाई करती थीं। उनके पिता मोहम्मद शहजाद आलम रामपुरहाट में टायर की दुकान चलाते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। सबरिन की सफलता के पीछे उनकी मां अंगूरी देवी का भी बड़ा योगदान है, जिन्होंने हर कदम पर बेटी का साथ दिया। तीन बहनों में सबसे बड़ी सबरीन बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही हैं और अब उन्होंने पूरे राज्य में टॉप कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।

 

संयुक्त रूप से प्रथम स्थान

सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने भी 500 में 492 अंक (98.4%) हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है।

 

नाहिद सुल्तान बनीं सेकंड टॉपर

बेगूसराय की नाहिद सुल्तान ने 489 अंक लाकर पूरे राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है। भगवानपुर प्रखंड के बनवारीपुर हाई स्कूल की छात्रा नाहिद ने सेल्फ स्टडी, ऑनलाइन क्लास और प्राइवेट ट्यूशन के जरिए यह सफलता हासिल की। नाहिद रोजाना 6 से 7 घंटे पढ़ाई करती थीं और उन्हें पहले से भरोसा था कि वह टॉप-5 में जगह बना लेंगी। रिजल्ट आने के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

 

डॉक्टर बनकर करना चाहती हैं सेवा

नाहिद सुल्तान का सपना डॉक्टर बनना है। उनका कहना है कि COVID-19 के दौरान कई लोगों की मौत ने उन्हें काफी प्रभावित किया, इसलिए वह आगे चलकर मेडिकल की तैयारी कर समाज सेवा करना चाहती हैं। नाहिद के पिता सोहराब आलम बेंगलुरु में मस्जिद के इमाम हैं, जबकि उनकी मां नूर सबा गृहिणी हैं। तीन भाइयों में नाहिद इकलौती बहन हैं।

Related Articles

Back to top button