जबलपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पूर्व मंगेतर ने युवती की चाकू मारकर हत्या
सगाई के बाद 5 लाख रुपये दहेज की मांग, शादी तोड़ने पर बना जान का दुश्मन फैक्ट्री से घर लौटते वक्त रोका, चाकू से ताबड़तोड़ हमला इलाज के दौरान युवती की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके में एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी साहिल रजक और उसके सहयोगी अजय को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी तय थी, अगले महीने होनी थी बारात
अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, मृतिका 19 वर्षीय ऋचा रजक इमलिया गांव की निवासी थी और रिछाई की एक फैक्ट्री में काम करती थी। ऋचा और साहिल की मुलाकात करीब दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों परिवारों की सहमति से उनकी सगाई भी हो गई। शादी अगले महीने फरवरी में तय थी।
सगाई के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन सगाई के बाद साहिल की नीयत बदल गई। पुलिस के मुताबिक, साहिल ने ऋचा के परिजनों से फोन पर 5 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया। इस दबाव और अपमान से परेशान होकर ऋचा ने शादी तोड़ने का फैसला लिया और साहिल से सभी संबंध खत्म कर दिए।
शादी टूटने के बाद बढ़ा जुनून और शक
शादी टूटने के बाद साहिल बुरी तरह बौखला गया। उसे शक था कि ऋचा किसी और युवक से बात कर रही है। इसी शक और गुस्से में वह लगातार उसे धमकियां देने लगा।
फैक्ट्री से लौटते वक्त रोका, चाकू से किया हमला
गुरुवार रात साहिल अपने साथी अजय के साथ मोटरसाइकिल से रिछाई औद्योगिक इलाके पहुंचा। दोनों ने फैक्ट्री से घर लौट रही ऋचा को बीच रास्ते में रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, ऋचा की गर्दन पर एक और सीने पर तीन से चार वार किए गए।
इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार
गंभीर रूप से घायल ऋचा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।



