ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में चार की मौत
ग्वालियर-भिंड हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत, ट्रक चालक फरार घना कोहरा बना हादसे की वजह, पुलिस जांच में जुटी

Mp news: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्वालियर-भिंड हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार किसी को भी बचाया नहीं जा सका।
घने कोहरे में हुआ हादसा
यह दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे महाराजपुरा थाना क्षेत्र के बरेठा टोल प्लाजा के पास हुई। हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी काफी कम थी। इसी कारण ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
भिंड जिले के निवासी थे मृतक
महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि मृतक सभी भिंड जिले के निवासी थे। कार को 24 वर्षीय सौरभ शर्मा चला रहे थे, जो परीक्षा के सिलसिले में ग्वालियर आ रहे थे। हादसे में ज्योति यादव, भूरे प्रजापति और उमा राठौर की भी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में कोहरा बना वजह
पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई जा रही है।



