गोरखपुर में युवक की संदिग्ध हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव
गोरखपुर में 26 वर्षीय युवक विशाल यादव की संदिग्ध हालात में हत्या। गर्लफ्रेंड से मिलने निकला था युवक, गेहूं के खेत में मिला शव। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच।

Uttar pradesh: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सहजनवां थाना क्षेत्र के जोगिया कोल कटाई टीकर रोड के पास बुधवार सुबह 26 वर्षीय युवक विशाल यादव का शव गेहूं के खेत में मिला। शव मिट्टी से सना हुआ था, सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था। घटनास्थल के हालात को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने मौत से पहले हमलावरों का जमकर मुकाबला किया होगा।
जान बचाने के लिए किया संघर्ष
पुलिस के अनुसार, विशाल के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। खेत में मिट्टी बिखरी होने से यह अंदेशा है कि युवक को जिंदा हालत में वहां लाया गया था और उसने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया। इसी दौरान उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी बरामद
पुलिस ने शव की तलाशी के दौरान विशाल की जेब से एक मोबाइल फोन और बाइक की चाबी बरामद की। शव से कुछ दूरी पर उसकी चप्पलें और एक तौलिया भी मिला है। मोबाइल फोन के आधार पर ही मृतक की पहचान की गई।
फोन आने के बाद घर से निकला था
मृतक की मां शकुंतला देवी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे विशाल घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया। कॉल आते ही वह यह कहकर घर से निकल गया कि थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन पूरी रात वापस नहीं आया। अगले दिन सुबह खेत में उसकी लाश मिलने की सूचना मिली।
डेढ़ महीने पहले हुई थी पिता की मौत
विशाल मुंबई में कार पेंट-पॉलिश का काम करता था और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता था। उसके पिता प्रकाश यादव का करीब डेढ़ महीने पहले निधन हो गया था, जिसके बाद पिता के क्रिया-कर्म के लिए वह मुंबई से गांव आया था। विशाल परिवार का बड़ा बेटा था और घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। परिजनों के अनुसार, दो दिन बाद उसे दोबारा मुंबई लौटना था, लेकिन इसी बीच उसके लिए शादी का रिश्ता आया था। लड़की देखने की तैयारी चल रही थी, इसी वजह से वह गांव में रुका हुआ था। शादी तय होने के बाद मुंबई लौटने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। बेटे की मौत से मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
गोरखपुर के एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि 24 दिसंबर की सुबह युवक का शव खेत में मिला था। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



