साल के अंत में सोना-चांदी रिकॉर्ड स्तर पर, निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी
साल के आख़िरी दिनों में सोना-चांदी ने छुआ नया रिकॉर्ड स्तर अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी का घरेलू कीमतों पर सीधा असर निवेशकों और ज्वेलरी खरीदारों के लिए अहम संकेत

Gold price: साल 2025 के आख़िरी दिनों में सोना और चांदी की कीमतों में तेज़ी देखने को मिल रही है। 26 दिसंबर की सुबह देशभर के सराफा बाजारों में सोने और चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड स्तर छू लिए। लगातार बढ़ती कीमतों ने निवेशकों और ज्वेलरी खरीदने वालों का ध्यान एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर खींचा है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,39,410 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं मुंबई में 24 कैरेट गोल्ड 1,39,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। 22 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली में इसका रेट 1,27,810 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,27,660 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि 24 कैरेट गोल्ड 1,39,260 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बना हुआ है। पुणे और बेंगलुरु में भी इसी तरह के भाव दर्ज किए गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहा सपोर्ट
सोने की कीमतों में तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर भी अहम माना जा रहा है। वैश्विक बाजार में सोने का हाजिर भाव 4,525.96 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार, साल 2025 में अब तक सोने की कीमतों में करीब 73.7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि अगले साल दिसंबर तक सोने का भाव 4,900 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। बैंक का मानना है कि दुनिया के कई केंद्रीय बैंक लगातार सोने की खरीद कर रहे हैं, जिससे कीमतों को आगे भी समर्थन मिल सकता है।
चांदी में भी तेज़ बढ़त
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल देखा गया। 26 दिसंबर को चांदी के दाम में एक ही दिन में 8,460 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 2,32,741 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 72.70 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल विदेशी बाजारों में चांदी की कीमतों में लगभग 151 प्रतिशत और घरेलू बाजार में करीब 153 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की जा चुकी है।



