कानपुर में IAF जवान से मारपीट का आरोप, कान का पर्दा फटा; पुलिसकर्मियों पर गंभीर सवाल
IAF जवान से कथित मारपीट का मामला गरमाया कान का पर्दा फटने का दावा, पुलिस पर गंभीर आरोप जांच के आदेश, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज

Up news: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से पुलिस की कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। घाटमपुर थाना क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के एक जवान के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित जवान के बाएं कान का पर्दा फटने की बात कही जा रही है और वह पिछले तीन दिनों से एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में जवान की मां ने डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं पीड़ित और क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, देवमनपुर गांव के रहने वाले नितीश सचान भारतीय वायुसेना में तैनात हैं। घटना 19 फरवरी की रात की बताई जा रही है। नितीश एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जब वह मूसानगर रोड स्थित एक गेस्टहाउस के पास पैदल जा रहे थे, तभी घाटमपुर थाने की गश्ती टीम ने उन्हें रोक लिया। परिजनों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने बिना किसी ठोस कारण के पूछताछ शुरू की और कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जब नितीश ने खुद को फौजी बताया, तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर उनका मोबाइल छीन लिया गया और उन्हें जबरन थाने ले जाया गया। परिवार का दावा है कि हवालात में बंद कर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनके कान में गंभीर चोट आई।
शांति भंग में चालान, अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि बाद में पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें छोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक उपचार के बाद भी उन्हें सही तरीके से अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद परिवार खुद उन्हें कानपुर के एयरफोर्स अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने कान का पर्दा फटने की पुष्टि की और कुछ दिनों तक भर्ती रहने की सलाह दी। इस पूरे मामले में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने एडीसीपी को जांच सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।



