दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, लाल किला और सचिवालय खाली कराए गए
दिल्ली में बम धमकी से मचा हड़कंप लाल किला और सचिवालय खाली, सर्च ऑपरेशन जारी स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ईमेल

Delhi news: राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी भरा ईमेल कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजा गया था। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
लाल किला और सचिवालय में सर्च ऑपरेशन
लाल किला को तुरंत खाली कराया गया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर तैनात हैं। वहीं आईटीओ के पास स्थित दिल्ली सचिवालय में मौजूद कर्मचारियों को एहतियातन बाहर निकाल दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इमारत के अंदर और बाहर हर कोने की जांच कर रही हैं।
ईमेल के सोर्स की जांच में जुटी साइबर सेल
धमकी भरे ईमेल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। ईमेल कहां से भेजा गया, इससे पहले इस नाम से कोई धमकी आई है या नहीं, और इसके पीछे किस नेटवर्क का हाथ हो सकता है—इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सख्ती बरती जा रही है।
दो स्कूलों को भी मिली थी धमकी
इसी दिन सुबह दिल्ली के दो स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धौला कुआं स्थित Army Public School और लोधी रोड के Air Force Bal Bharati School को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और एहतियातन स्कूल परिसर खाली कराया गया। पुलिस फिलहाल सभी धमकियों को आपस में जोड़कर भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।



