कानपुर में मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते वीडियो वायरल, भीड़ ने की पिटाई; पुलिस ने बचाया

महंत का नॉनवेज खाते वीडियो वायरल गुस्साई भीड़ ने मंदिर परिसर में की पिटाई पुलिस ने पहुंचकर भीड़ से बचाया

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रावतपुर इलाके में स्थित भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। जब लोगों ने देर रात महंत को मंदिर परिसर में देखा तो गुस्साई भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह महंत को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया।

 

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि भूतेश्वर मंदिर के महंत प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित का दो दिन पहले एक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह नॉनवेज खाते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश बढ़ गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि जो व्यक्ति मंदिर का महंत है, उसे इस तरह का आचरण नहीं करना चाहिए।रविवार देर रात जब लोगों ने गोलू पंडित को मंदिर परिसर में देखा तो भीड़ भड़क उठी और उन पर हमला कर दिया। महिलाओं और पुरुषों दोनों ने उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

मंदिर परिसर में ही रहते हैं महंत

जानकारी के मुताबिक प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित रावतपुर के केशवपुरम स्थित भूतेश्वर मंदिर के महंत हैं और मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। वायरल वीडियो के बाद से ही इलाके के लोग उनसे नाराज चल रहे थे। देर रात मंदिर में उन्हें देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर मारपीट कर दी।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महंत को भीड़ से बाहर निकालकर थाने पहुंचाया। पिटाई के दौरान उन्हें कई जगह चोटें भी आई हैं। इस मामले में गोलू पंडित ने रावतपुर थाने में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

 

क्या बोले थाना प्रभारी?

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पुलिस ने महंत को भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button