कनाडा में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या

कनाडा के विंडसर में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या। कट्टरपंथी गतिविधियों की आलोचना करती थीं, घर में घुसकर हमलावर ने किए कई वार। मां का दावा- बेटी पर 18 बार चाकू से हमला, पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Canada news: कनाडा से एक बार फिर भारतीय मूल के लोगों से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कनाडा के विंडसर शहर में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी गतिविधियों की खुलकर आलोचना करती थीं और पंजाब से जुड़े सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखती थीं। उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद लोगों में काफी हैरानी और आक्रोश है।

 

घर में घुसकर की गई हत्या

जानकारी के मुताबिक, नैन्सी ग्रेवाल की हत्या उनके ही घर में की गई। बताया जा रहा है कि एक हमलावर घर में घुसा और चाकू से उन पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

 

पुलिस ने क्या कहा

लासाल पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल पर मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हमला हुआ। हमलावर ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद नैन्सी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी माइकल पियर्स ने बुधवार शाम इस घटना की पुष्टि की और कहा कि मामले की जांच जारी है।

 

मां ने लगाए गंभीर आरोप

इस घटना के बाद नैन्सी की मां तेजिंदर कौर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई। उनका दावा है कि हमलावर ने नैन्सी पर करीब 18 बार चाकू से वार किए। मां का आरोप है कि जसवीर सिंह रोडे का सांडू अवतार सिंह उनकी बेटी से दुश्मनी रखता था और उस पर माफी मांगने का दबाव बना रहा था।

 

पहले भी हो चुका था हमला

नैन्सी की मां के मुताबिक, उनकी बेटी पर पहले भी हमला हो चुका था और एक बार उनके घर में आग लगाने की कोशिश भी की गई थी। उस समय वह बच गई थीं। मां का कहना है कि इस बार भी पहले रेकी की गई थी और हमलावर मुंह ढककर आया था, लेकिन सीसीटीवी कैमरे देखकर वहां से भाग गया था।बताया जा रहा है कि नैन्सी ग्रेवाल साल 2018 में कनाडा गई थीं। वहां उन्होंने नर्सिंग का कोर्स किया और नौकरी भी कर रही थीं। परिवार के मुताबिक, उनकी आखिरी बार 2 तारीख को फोन पर बात हुई थी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावर की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button