कनाडा में दो हफ्तों में दो भारतीयों की हत्या, भारतीय समुदाय में चिंता
कनाडा में दो हफ्तों में दो भारतीयों की हत्या से सुरक्षा पर सवाल टोरंटो में छात्र शिवांक अवस्थी को गोली मारकर किया गया कत्ल भारतीय दूतावास ने जताया शोक, जांच में जुटी कनाडा पुलिस

Canada news: कनाडा में बीते दो हफ्तों के भीतर दो भारतीय नागरिकों की हत्या से सनसनी फैल गई है। ताज़ा मामला टोरंटो का है, जहां यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) कैंपस के पास भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी को गोली मार दी गई। इससे पहले एक अन्य भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की भी टोरंटो में हत्या हुई थी। दोनों मामलों में अब तक ठोस नतीजे सामने नहीं आ सके हैं, जिससे भारतीय छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कौन थे शिवांक अवस्थी
20 वर्षीय शिवांक अवस्थी भारतीय मूल के छात्र थे और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो में लाइफ साइंसेज़ के थर्ड ईयर के अंडरग्रेजुएट छात्र थे। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें डॉक्टरल छात्र बताया गया, हालांकि विश्वविद्यालय और छात्र समुदाय के अनुसार वे अंडरग्रेजुएट ही थे। शिवांक UTSC की चीयरलीडिंग टीम के सक्रिय सदस्य थे और सहपाठियों के अनुसार वे मिलनसार, मददगार और हमेशा सकारात्मक रहने वाले छात्र थे। 23 दिसंबर को दिनदहाड़े हाइलैंड क्रीक ट्रेल इलाके में उन्हें गोली मार दी गई। इस मामले में अभी तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हिमांशी खुराना की हत्या का मामला
एक अलग घटना में, 30 वर्षीय भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की भी बीते सप्ताह टोरंटो में हत्या कर दी गई। कनाडाई पुलिस के अनुसार, 20 दिसंबर की सुबह करीब 6:30 बजे एक आवास के अंदर उनका शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय आरोपी अब्दुल गफूरी के खिलाफ प्रथम श्रेणी हत्या के आरोप में सर्च वारंट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। मामले की जांच अभी जारी है।
भारतीय दूतावास ने जताया शोक
दो हफ्तों में दो भारतीय नागरिकों की हत्या को लेकर भारतीय दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है। टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बताया कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास ने कहा कि इन घटनाओं ने कनाडा में भारतीय छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। भारतीय समुदाय के बीच भी इन घटनाओं को लेकर बेचैनी देखी जा रही है।



