कतर का बड़ा एक्शन: ईरान के दूतावास स्टाफ को 24 घंटे में देश छोड़ने का आदेश

ईरान के हमलों के बाद कतर ने कड़ा रुख अपनाया दूतावास के सैन्य और सुरक्षा स्टाफ को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित रास लाफान गैस फील्ड में आग से बढ़ा तनाव

Iran crisis: कतर ने ईरान के लगातार हमलों के बाद सख्त कदम उठाते हुए उसके दूतावास के सैन्य और सुरक्षा अटैची समेत पूरे स्टाफ को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित कर दिया है। यानी अब ये सभी लोग कतर में नहीं रह सकते और उन्हें 24 घंटे के अंदर देश छोड़ना होगा। कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत को बुलाकर यह फैसला आधिकारिक तौर पर सौंप दिया। इसी बीच, ईरान के हमले के बाद कतर के रास लाफान इलाके में स्थित गैस फील्ड में आग लगने की खबर भी सामने आई है।

 

संप्रभुता पर हमला बर्दाश्त नहीं

कतर ने साफ कहा है कि ईरान के हमले उसकी संप्रभुता और सुरक्षा का सीधा उल्लंघन हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ये कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के नियमों के खिलाफ है। कतर ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसे हमले जारी रहे तो वह और भी कड़े कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

 

हर जरूरी कदम उठाने का अधिकार

कतर ने यह भी दोहराया कि अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए वह हर जरूरी कदम उठाने का पूरा अधिकार रखता है। सरकार का कहना है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

 

रास लाफान में आग, हालात तनावपूर्ण

हमलों के बीच फारस की खाड़ी के तेल और गैस ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में आग लग गई। कतर के गृह मंत्रालय के मुताबिक, सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। वहीं, कतर एनर्जी ने बताया कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button