ऋषिकेश में वन भूमि कार्रवाई के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव; भारी पुलिस बल तैनात
वन भूमि चिन्हीकरण के दौरान भड़की भीड़, रेलवे ट्रैक पर बैठकर किया विरोध पुलिस पर पथराव के बाद हालात बेकाबू, पीएसी को बुलाकर संभाली गई स्थिति एसएसपी मौके पर पहुंचे, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई तय

Rishikesh: ऋषिकेश में वन विभाग की जमीन चिन्हित करने की कार्रवाई के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फ्लैग मार्च भी निकाला गया है। पुलिस पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और भीड़ को भड़काने वालों की तलाश जारी है।
रेलवे ट्रैक पर बैठकर जताया विरोध
वन विभाग गुमानीवाला और शिवाजी नगर क्षेत्र में खाली पड़ी वन भूमि का चिन्हीकरण कर रहा था। इस कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोग रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और ट्रेनों को रोकने की कोशिश की। प्रशासन और पुलिस की टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ में से किसी ने अचानक पत्थर फेंक दिया। इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ते चले गए और पुलिस पर जमकर पथराव शुरू हो गया।
पीएसी को बुलाकर संभाली गई स्थिति
पथराव के चलते पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को पीछे हटना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी मौके से हटने को तैयार नहीं थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए पीएसी की टीम को मौके पर बुलाया गया। देर रात तक पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर सख्ती तय
देहरादून के एसएसपी खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत वन विभाग यह कार्रवाई कर रहा है। इस दौरान कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



