ईरान-इजरायल जंग का 20वां दिन: साउथ पार्स गैस फील्ड पर सबसे बड़ा हमला

इजरायल के हमले के बाद ईरान का पलटवार, कतर भी बना निशाना अमेरिका ने हमले से पल्ला झाड़ा, दोबारा हमले पर कड़ी कार्रवाई की धमकी साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला, वैश्विक LNG सप्लाई पर पड़ सकता है असर

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग आज 20वें दिन में पहुंच गई है। बुधवार को हालात तब और गंभीर हो गए जब इजरायल ने ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला करते हुए पहली बार उसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले साउथ पार्स गैस फील्ड को निशाना बनाया। इस हमले से गैस फील्ड को भारी नुकसान पहुंचा है और वहां कई जगहों पर भीषण आग लगी हुई है। पूरे इलाके में धुएं का गुबार छाया हुआ है, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

 

ईरान का पलटवार, कतर बना निशाना

इजरायल के इस हमले के बाद ईरान भी आक्रामक हो गया और उसने कतर के LNG साइट्स को निशाना बनाया। इस घटना के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका के सहयोगी देश UAE, कतर और ओमान ने साउथ पार्स गैस फील्ड पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

 

ट्रंप का बयान, अमेरिका ने झाड़ा पल्ला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पूरे मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका को इस हमले की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इजरायल ने भड़ककर यह कार्रवाई की और इसमें साउथ पार्स का केवल एक छोटा हिस्सा प्रभावित हुआ है। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि कतर का इस हमले से कोई लेना-देना नहीं था, बावजूद इसके ईरान ने गलतफहमी में उसके LNG साइट पर हमला कर दिया।

 

“फिर हमला हुआ तो नहीं बख्शेंगे”

ट्रंप ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अब इजरायल साउथ पार्स गैस फील्ड पर आगे कोई हमला नहीं करेगा, लेकिन अगर ईरान ने दोबारा कतर को निशाना बनाया तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो अमेरिका, इजरायल के साथ या उसके बिना, इतनी बड़ी जवाबी कार्रवाई करेगा जो ईरान ने पहले कभी नहीं देखी होगी।

 

क्यों इतना अहम है साउथ पार्स गैस फील्ड

साउथ पार्स गैस फील्ड दुनिया का सबसे बड़ा गैस भंडार माना जाता है, जो ईरान और कतर के बीच फैला हुआ है। यह ईरान की करीब 70% घरेलू गैस जरूरतों को पूरा करता है और वैश्विक LNG सप्लाई में भी बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसे में इस पर हमला सीधे तौर पर ईरान की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा उत्पादन और निर्यात पर बड़ा असर डाल सकता है।

Related Articles

Back to top button