आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 20 की मौत, कई गंभीर घायल

काकीनाडा की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट से 20 लोगों की मौत। 6 लोग गंभीर रूप से घायल, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दिए राहत और जांच के निर्देश।

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। काकीनाडा जिले में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार को जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

 

धमाके में 20 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि काकीनाडा जिले की पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई है और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। कई घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सगीली शान मोहन के अनुसार, कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। राहत और बचाव दल मौके पर लगातार काम कर रहे हैं और मलबा हटाने का कार्य जारी है।

 

सीएम ने जताया गहरा दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि काकीनाडा जिले के वेत्लापलेम गांव में हुई यह घटना बेहद दुखद है। सीएम ने अधिकारियों से बातचीत कर घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने को भी कहा है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं, जबकि विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button