अमेरिका-वेनेजुएला तनाव तेज, अमेरिकी सेना ने फिर रोका तेल टैंकर

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने दो हफ्तों में दूसरी बार वेनेजुएला के तट के पास तेल टैंकर रोका। ट्रंप ने मादुरो पर दबाव बढ़ाने और प्रतिबंधित तेल की आवाजाही रोकने का आदेश दिया।

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी सेना ने दो हफ्तों से भी कम समय में दूसरी बार वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को रोक लिया है। अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आदेश के तहत की गई है, जिसमें वेनेजुएला से आने-जाने वाले प्रतिबंधित तेल टैंकरों की नाकेबंदी के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले 10 दिसंबर को भी अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के समुद्री क्षेत्र के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया था। अमेरिका का आरोप है कि प्रतिबंधों के बावजूद वेनेजुएला अवैध तरीके से तेल की आवाजाही कर रहा है।

 

अमेरिकी सेना की कार्रवाई जारी रहेगी

होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने पुष्टि की है कि अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने रक्षा विभाग की मदद से उस टैंकर को रोका, जो आखिरी बार वेनेजुएला में डॉक किया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह जहाज सीधे तौर पर अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में था या नहीं। क्रिस्टी नोएम ने कहा कि अमेरिका प्रतिबंधित तेल की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा। उनके मुताबिक, इस तेल से क्षेत्र में नार्को-आतंकवाद को फंडिंग की जाती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

वेनेजुएला का तीखा जवाब

वेनेजुएला सरकार ने अमेरिकी सेना की इस कार्रवाई को “आपराधिक कृत्य” करार दिया है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में वेनेजुएला के तेल का परिवहन कर रहे निजी जहाजों को रोकना और जब्त करना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सैन्य अभियानों का असली मकसद उनकी सरकार को अस्थिर करना और उन्हें सत्ता से हटाना है।

 

ट्रंप के सख्त तेवर

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मादुरो के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि मादुरो के पास अब सत्ता में बने रहने के लिए बहुत कम समय बचा है। ट्रंप ने वेनेजुएला से मांग की है कि वह उन संपत्तियों को लौटाए, जिन्हें सालों पहले अमेरिकी तेल कंपनियों से जब्त कर लिया गया था। उन्होंने साफ कहा था कि “हम किसी को भी वहां से गुजरने नहीं देंगे, जिसे नहीं गुजरना चाहिए।”

 

हिंसा में 104 लोगों की मौत

एक समय तक अमेरिकी तेल कंपनियों का वेनेजुएला के पेट्रोलियम सेक्टर पर दबदबा रहा, लेकिन बाद में सरकार ने इस उद्योग का राष्ट्रीयकरण कर दिया। टैंकरों को निशाना बनाने की कार्रवाई उसी नीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत ट्रंप ने रक्षा विभाग को कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत महासागर में जहाजों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सितंबर की शुरुआत से अब तक हुए 28 हमलों में कम से कम 104 लोगों की मौत हो चुकी है। व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स ने एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप तब तक दबाव बनाए रखना चाहते हैं, जब तक मादुरो पीछे नहीं हटते।

Related Articles

Back to top button