अफगानिस्तान में तबाही: बाढ़-भूस्खलन से 17 की मौत, कई इलाके पानी में डूबे

अफगानिस्तान में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही 24 घंटे में 17 लोगों की मौत, कई घायल 13 प्रांत प्रभावित, सैकड़ों घर और सड़कें तबाह

अफगानिस्तान में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। बीते 24 घंटों में बाढ़, भूस्खलन और तेज आंधी-तूफान के चलते 17 लोगों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, हालात अभी और बिगड़ सकते हैं क्योंकि राहत टीमों का सर्वे अभी जारी है।

 

13 प्रांत बाढ़ से प्रभावित

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता यूसुफ हम्माद के अनुसार, देश के 34 में से 13 प्रांत इस आपदा की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में देखा गया है। भारी बारिश के कारण कई गांवों में पानी भर गया और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

 

घरों और सड़कों को भारी नुकसान

भीषण मौसम की वजह से 147 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से टूट गए हैं। इसके अलावा करीब 80 किलोमीटर सड़कें बह गईं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। कृषि भूमि और सिंचाई नहरों को भी बड़ा नुकसान हुआ है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

 

पहले भी कहर बरपा चुका है मौसम

इस साल की शुरुआत में भी भारी बर्फबारी और अचानक आई बाढ़ से देश में कई लोगों की मौत हो चुकी है। अफगानिस्तान में हर साल ऐसे हालात बनते हैं, जहां तेज बारिश और बर्फबारी फ्लैश फ्लड का रूप ले लेती है और बड़ी तबाही मचाती है।

 

कमजोर ढांचा और जलवायु परिवर्तन बड़ी वजह

विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष, कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर, खराब आर्थिक हालात, वन कटाई और जलवायु परिवर्तन ने इन आपदाओं के असर को और गंभीर बना दिया है। खासकर दूरदराज के इलाकों में मिट्टी के घर होने के कारण लोग ज्यादा प्रभावित होते हैं।

Related Articles

Back to top button