हिमाचल में मौसम का कहर: 48 घंटे भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, किसानों की बढ़ी चिंता
भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं सेब की फसल पर मौसम की मार, किसानों की बढ़ी चिंता

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है और आने वाले 48 घंटे काफी भारी रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने राज्य में लगातार बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
किन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आज और कल भारी बारिश के साथ ओले और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं अगले दिन कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में भी मौसम खराब बना रहेगा। बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा
मौसम केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के मुताबिक 7 से 9 अप्रैल के बीच मौसम सबसे ज्यादा खराब रहेगा। खासकर 8 अप्रैल को भारी बारिश, ओले और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसका असर 9 अप्रैल तक देखने को मिलेगा।
तापमान में आई गिरावट
लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
किसानों के लिए बढ़ी मुश्किलें
मौसम के इस बदलाव ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर शिमला और कुल्लू में सेब की फसल को नुकसान की खबरें सामने आई हैं। अगर मौसम इसी तरह बना रहा तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ सकता है।



