हवाई यात्रियों को बड़ी राहत: अब सीट चुनने पर नहीं लगेगा पैसा, सरकार के नए नियम लागू

हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत, सरकार ने बदले नियम अब सीट चुनने पर नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज, परिवार साथ बैठेगा एयरलाइंस की मनमानी पर सख्ती, यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा अधिकार

हवाई सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए नियम लागू किए हैं। इनका मकसद हवाई यात्रा को सस्ता, पारदर्शी और ज्यादा आसान बनाना है। सरकार के मुताबिक, देश में हर दिन 5 लाख से ज्यादा लोग हवाई सफर करते हैं, ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना जरूरी हो गया है।

 

अब सीट चुनने पर नहीं देना होगा पैसा

अब तक एयरलाइंस सीट सिलेक्शन के लिए अलग से पैसे वसूलती थीं, यहां तक कि मिडिल सीट के लिए भी चार्ज लिया जाता था। लेकिन नए नियमों के अनुसार, हर फ्लाइट में कम से कम 60% सीटें फ्री रखनी होंगी। इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा और कुल यात्रा खर्च कम हो सकता है।

 

परिवार अब साथ बैठ सकेगा

अक्सर ऐसा होता था कि एक ही PNR पर टिकट बुक करने के बावजूद परिवार के लोगों को अलग-अलग सीट मिलती थी। अब नए नियम के तहत एयरलाइंस को यह सुनिश्चित करना होगा कि एक ही बुकिंग वाले यात्रियों को साथ या पास-पास सीट दी जाए। इससे फैमिली और ग्रुप ट्रैवल करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

 

मनमाने चार्ज पर सख्ती

सरकार ने एयरलाइंस को साफ निर्देश दिए हैं कि वे सभी चार्ज पारदर्शी रखें। खेल का सामान, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट या पालतू जानवर ले जाने के नियम भी स्पष्ट करने होंगे। साथ ही फ्लाइट में देरी, कैंसिलेशन या बोर्डिंग से मना करने जैसी स्थितियों में यात्रियों के अधिकारों का पालन करना जरूरी होगा।

 

हर जगह दिखेंगे यात्रियों के अधिकार

अब एयरलाइंस को अपने वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म और एयरपोर्ट काउंटर पर यात्रियों के अधिकार साफ-साफ दिखाने होंगे। साथ ही ये जानकारी क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

हवाई यात्रा को आसान बनाने की कोशिश

सरकार पहले ही उड़ान योजना के जरिए छोटे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर सस्ती खाने की सुविधा (UDAN Yatri Café), फ्री वाई-फाई और Flybrary जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button