लखनऊ में BSP विधायक उमाशंकर सिंह के घर इनकम टैक्स की रेड
लखनऊ में BSP विधायक उमाशंकर सिंह के घर इनकम टैक्स की छापेमारी 30 से ज्यादा अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कैंसर से जूझ रहे विधायक के घर दस्तावेजों की गहन जांच

Up news: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उमाशंकर सिंह के आवास और दफ्तर पर इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापेमारी की। उमाशंकर सिंह मौजूदा विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग कुछ वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
30 से ज्यादा अफसर और भारी पुलिस बल तैनात
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में 30 से अधिक अधिकारी शामिल हैं, साथ ही भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। गोमतीनगर स्थित उनके आवास को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अधिकारियों ने घर के अंदर मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा कारणों से मीडिया को भी दूरी पर रखा गया है।
मेडिकल टीम के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक
यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है, जब उमाशंकर सिंह कैंसर से जूझ रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अब तक उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। स्वास्थ्य कारणों से वह लंबे समय से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थे और लखनऊ स्थित आवास पर ही आइसोलेशन में रह रहे थे। सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा इतनी कड़ी कर दी गई कि उनकी देखभाल के लिए आने वाले डॉक्टर और नर्सों के प्रवेश पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई।
सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
अचानक हुई इस रेड से सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सबकी नजर आयकर विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।



