रोहिणी आचार्य की बंदूक के साथ तस्वीर वायरल, कैप्शन के मायने निकाल रही सियासत
सोशल मीडिया पर रोहिणी आचार्य की तस्वीरों ने बढ़ाई सियासी हलचल बंदूक के साथ वायरल फोटो और कैप्शन के निकाले जा रहे राजनीतिक मायने बेटे की मिलिट्री ट्रेनिंग से लेकर परिवारिक सियासत तक चर्चा तेज

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया पर काफ़ी सक्रिय रहती हैं। हाल ही में बेटे की सफलता पर गर्व जताने के बाद अब उनकी एक नई तस्वीर चर्चा में है, जिसमें वह बंदूक से निशाना साधती नजर आ रही हैं। रोहिणी आचार्य ने मंगलवार को अपने एक्स (X) हैंडल पर दो तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह शूटिंग करती दिखाई दे रही हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा: “सही-गलत पहचानने की नजर भी दुरुस्त है और निशाना भी…”
कैप्शन के पीछे छिपा संदेश?
उनके इस कैप्शन को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में आरजेडी को मिली करारी हार के बाद पारिवारिक घटनाक्रम से आहत होकर रोहिणी आचार्य ने राजनीति से दूरी बनाने का ऐलान किया था। उस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर यह तक लिखा था कि उनका कोई नहीं है। जब उनसे इस बारे में सवाल किए गए तो उन्होंने तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज से पूछने की बात कही थी। चुनावी हार के बाद उनके और तेजस्वी यादव के बीच नाराज़गी की चर्चाएं भी सामने आई थीं।
पिता के साथ भावुक पोस्ट
हालांकि, काफी समय बाद रोहिणी आचार्य ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ एक भावुक तस्वीर साझा की थी। इस पोस्ट में उन्होंने अपने पिता को किडनी दान किए तीन साल पूरे होने का जिक्र किया था और उनकी लंबी उम्र की कामना की थी।
बेटे की मिलिट्री ट्रेनिंग पर जताया गर्व
बंदूक वाली तस्वीर शेयर करने से ठीक एक दिन पहले रोहिणी आचार्य ने अपने बड़े बेटे के बेसिक मिलिट्री ट्रेनिंग शुरू होने की जानकारी दी थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि उन्हें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व है।
तेज प्रताप यादव ने किया री-पोस्ट
रोहिणी आचार्य के इस पोस्ट को उनके छोटे भाई और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से री-पोस्ट किया। तेज प्रताप यादव पहले भी कई मौकों पर खुलकर अपनी बहन के समर्थन में खड़े नजर आए हैं।



