रणवीर सिंह के बाद ‘डॉन 3’ का नया डॉन? ऋतिक रोशन बन सकते हैं फैंस के नए पसंदीदा
रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' से दूरी बनाई, अब फैंस के सामने नया डॉन कौन होगा। ऋतिक रोशन के नाम की चर्चा हुई है, जो पहले भी इस फ्रेंचाइजी में जुड़े रहे। फिल्म के मेकर्स ऋतिक को नए डॉन के रूप में फाइनल करने पर विचार कर रहे हैं।

Ranveer Singh: रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं। 5 दिसंबर को रिलीज हुई यह फिल्म हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बन चुकी है। अगले साल मार्च 2026 में इसका दूसरा भाग दर्शकों के बीच दस्तक देगा, जिससे रणवीर के फैंस काफी उत्साहित हैं। लेकिन इसी बीच एक बड़ा अपडेट आया है। खबरों के अनुसार रणवीर अब ‘डॉन 3’ का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में फैंस के मन में ये सवाल उठ गया कि अब फरहान अख्तर की फिल्म में ‘डॉन’ की भूमिका कौन निभाएगा।
अब ये सुपरस्टार बन सकते हैं ‘डॉन’
फिल्मफेयर की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर के बाहर होने के बाद मेकर्स ऋतिक रोशन को ‘डॉन 3’ के लिए लीड एक्टर बनाने पर विचार कर रहे हैं। ऋतिक रोशन पहले भी इस फ्रेंचाइजी में नजर आ चुके हैं। उन्होंने शाहरुख खान की ‘डॉन 2’ में कैमियो किया था और अब मेकर्स उन्हें इस प्रतिष्ठित भूमिका के लिए सबसे मजबूत दावेदार मान रहे हैं। हालांकि, अभी बातचीत प्रारंभिक चरण में है।
पहले भी चर्चा में रहा ऋतिक का नाम
ऋतिक रोशन का नाम ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी के लिए पहली बार नहीं आया है। 2006 में फरहान अख्तर ने फिल्मफेयर को बताया था कि उन्होंने कभी सोचा था कि ‘डॉन’ में शाहरुख खान की जगह ऋतिक रोशन को कास्ट किया जाए, लेकिन कुछ कारणों से ऐसा नहीं हो पाया। फरहान ने कहा था कि जब उन्होंने अमिताभ बच्चन की ब्लॉकबस्टर फिल्म का रीमेक बनाने का निर्णय लिया, तब भी उनके दिमाग में ऋतिक का नाम ही था।
स्क्रिप्ट भी बनाई थी ऋतिक को ध्यान में रखते हुए
दरअसल, सालों पहले जब फरहान अख्तर ‘डॉन’ की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे थे, तब उन्होंने ऋतिक रोशन को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया था। लेकिन जैसे ही स्क्रिप्ट पूरी हुई, उन्हें लगा कि इस रोल के लिए कोई ज्यादा मैच्योर एक्टर चाहिए। तब उन्होंने शाहरुख खान से संपर्क किया और किंग खान ने फिल्म के लिए हां कह दी। इसके बाद शाहरुख ‘डॉन’ बन गए। फिलहाल, ‘डॉन’ और ‘डॉन 2’ की सफलता के बाद शाहरुख ने इस फ्रेंचाइजी से दूरी बना ली, और फिर ‘डॉन 3’ के लिए रणवीर सिंह को फाइनल किया गया। अब उनके बाहर होने के बाद एक बार फिर ऋतिक रोशन का नाम चर्चाओं में आ गया है।



