मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: दो बेटियों ने की पिता की हत्या, भेदभाव का लगाया आरोप
पिता की हत्या से दहला मुजफ्फरनगर बेटियों ने लगाया भेदभाव और प्रताड़ना का आरोप पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

Up news: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 60 वर्षीय किसान की कथित तौर पर उनकी ही दो सगी बेटियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बेटियों का आरोप है कि उनके पिता बेटा और बेटी में भेदभाव करते थे, जिससे वे लंबे समय से आहत थीं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मृतक रामप्रसाद खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार देर रात वह अपने घर में सो रहे थे, तभी उनकी निर्ममता से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब उनकी पत्नी चंद्रकली की नींद खुली तो उन्होंने पति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। शुरुआत में परिवार की ओर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की आशंका जताई गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में हुआ खुलासा
घटना के समय घर में पत्नी चंद्रकली, बेटे अमित और सुमित तथा दो अविवाहित बेटियां मौजूद थीं। सूचना मिलते ही एसपी देहात आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को परिवार के भीतर ही कुछ संदिग्ध संकेत मिले। गहन पूछताछ में दोनों बेटियां शक के दायरे में आईं। शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
भेदभाव से आहत थीं बेटियां
पुलिस के अनुसार, बेटियों ने आरोप लगाया कि उनके पिता बेटा-बेटी में भेदभाव करते थे और उन्हें प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से दोनों ने दो दिन पहले हत्या की योजना बनाई और रविवार रात सोते समय पिता पर चाकू से कई वार कर दिए।एसपी देहात ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी बालिग है, जबकि दूसरी नाबालिग है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



