महिलाओं के लिए भारत का सबसे सुरक्षित शहर कौन सा? नई रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

महिलाओं की सुरक्षा और करियर के लिहाज से बेंगलुरु बना देश का सबसे बेहतर शहर TCWI 2025 रिपोर्ट में चेन्नई को दूसरा स्थान, दक्षिण भारत का दबदबा दिल्ली-NCR में नौकरी के मौके ज्यादा, लेकिन सुरक्षा और बजट बना चिंता का विषय

Women safety: महिलाओं के लिए भारत का सबसे सुरक्षित और बेहतर शहर कौन सा है? इस सवाल का जवाब अवतार ग्रुप की ताज़ा रिपोर्ट “टॉप सिटीज फॉर वीमेन इन इंडिया (TCWI) 2025” में सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं की सुरक्षा, भागीदारी और करियर ग्रोथ के मामले में बेंगलुरु देश में पहले नंबर पर रहा है। बेंगलुरु को 53.29 का स्कोर मिला है, जबकि चेन्नई दूसरे स्थान पर रही।

 

कैसे तय होती है रैंकिंग?

यह रिपोर्ट शहरों को सिटी इन्क्लूजन स्कोर (CIS) के आधार पर रैंक करती है। यह स्कोर दो अहम पैमानों को जोड़कर तैयार किया जाता है। सोशल इन्क्लूजन स्कोर (SIS): इसमें महिलाओं की सुरक्षा, शहर में रहने की सुगमता, हेल्थकेयर और बुनियादी सुविधाओं को परखा जाता है। इंडस्ट्रियल इन्क्लूजन स्कोर (IIS): इसमें महिलाओं के लिए नौकरी के मौके, वर्कप्लेस पॉलिसी और कंपनियों द्वारा दी जा रही सुविधाओं का आकलन किया जाता है।

 

रिपोर्ट की बड़ी बातें

बेंगलुरु और चेन्नई का दबदबा, करियर ग्रोथ और इंडस्ट्री सपोर्ट के मामले में बेंगलुरु टॉप पर है। वहीं चेन्नई ने सुरक्षा, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और शिक्षा जैसे सामाजिक पैमानों पर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।

 

दिल्ली-NCR में नौकरी है, सुरक्षा नहीं

दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में महिलाओं के लिए रोजगार के अच्छे अवसर हैं, लेकिन सुरक्षा, बजट और आने-जाने की सुविधा के मामले में ये शहर पिछड़ते नजर आए। हालांकि, गुरुग्राम की रैंकिंग में पिछले साल के मुकाबले कुछ सुधार जरूर हुआ है।

 

मुंबई और पुणे की मुश्किल

मुंबई में करियर के शानदार मौके हैं, लेकिन महंगा रहन-सहन और इंफ्रास्ट्रक्चर महिलाओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुणे भी इसी तरह की स्थिति से जूझ रहा है।

 

छोटे शहरों की बढ़ती मौजूदगी

2025 की रैंकिंग में टियर-2 शहरों की भागीदारी बढ़ी है। शिमला और तिरुवनंतपुरम जैसे शहर सामाजिक रूप से महिलाओं के लिए काफी अनुकूल हैं, लेकिन बड़े स्तर पर रोजगार की कमी अब भी एक समस्या है।

 

दक्षिण भारत सबसे आगे

क्षेत्रीय आधार पर देखा जाए तो दक्षिण भारत महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा समावेशी क्षेत्र बनकर उभरा है। इसके बाद पश्चिमी भारत का स्थान आता है। वहीं बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जैसे मध्य और पूर्वी राज्यों के शहर महिलाओं की सुरक्षा और औद्योगिक भागीदारी—दोनों ही मोर्चों पर पीछे नजर आए।

 

2025 में महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित 10 शहर

1. बेंगलुरु, 2. चेन्नई, 3. पुणे, 4. हैदराबाद, 5. मुंबई, 6. गुरुग्राम, 7. कोलकाता, 8. अहमदाबाद, 9. त्रिवेंद्रम, 10. कोयंबटूर।

 

2024 की रैंकिंग क्या कहती थी?

2024 में भी बेंगलुरु और चेन्नई टॉप पर थे, लेकिन इस बार पुणे और गुरुग्राम की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है। क्या कहती है रिपोर्ट? रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि महिला-अनुकूल शहर अब सिर्फ मेट्रो सिटी तक सीमित नहीं रह गए हैं। हालांकि, उत्तर और पूर्वी भारत के शहरों को महिलाओं के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल बनाने के लिए अभी काफी काम करने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button