महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का विमान हादसे में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

मुंबई से बारामती जा रहे डिप्टी सीएम अजीत पवार का लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश, हादसे में सभी 5 लोगों की मौत। भीषण प्लेन क्रैश के बाद इलाके में धुएं का गुबार, मौके पर राहत-बचाव दल पहुंचा लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका। अजीत पवार के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर जताया शोक, कहा– असमय निधन बेहद दुखद।

Maharashtra news: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का बुधवार को एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। अजीत पवार मुंबई से बारामती के लिए निजी विमान से रवाना हुए थे, लेकिन लैंडिंग के दौरान उनका विमान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि क्रैश के तुरंत बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

 

पीएम नरेंद्र मोदी ने अजीत पवार के निधन पर जताया दुख

अजीत पवार के निधन की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा किया। पीएम मोदी ने लिखा, “अजीत पवार जी जनता के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जुड़ाव था। महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में हमेशा आगे रहने वाले एक मेहनती व्यक्तित्व के तौर पर उनका व्यापक सम्मान था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून सराहनीय था। उनका असमय निधन अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

 

विमान हादसे में मारे गए अन्य लोगों पर भी पीएम ने जताया शोक

इस विमान हादसे में अजीत पवार के अलावा चार अन्य लोगों की भी मौत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक अलग पोस्ट में हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुखद विमान हादसे से बेहद आहत हूं। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और साहस प्रदान करें।”

 

कैसे हुआ अजीत पवार का विमान क्रैश

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजीत पवार का विमान बारामती में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पायलट ने लैंडिंग से पहले हवाई पट्टी के पास खराब दृश्यता की जानकारी दी थी। लैंडिंग के प्रयास के दौरान विमान रनवे से फिसल गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई और यह भयावह हादसा हो गया।

Related Articles

Back to top button