मऊ रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से हड़कंप, ट्रेन खाली कराई गई, सघन जांच जारी

मऊ रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, 15018 डाउन ट्रेन खाली कराई गई एसपी-एएसपी समेत जीआरपी, आरपीएफ और बम स्क्वायड ने संभाला मोर्चा हर बोगी की सघन तलाशी जारी, जांच पूरी होने के बाद आगे रवाना होगी ट्रेन

Railway news: उत्तर प्रदेश के मऊ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। मऊ रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रेन में बम होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और 15018 डाउन ट्रेन को तुरंत खाली कराया गया। इसके बाद ट्रेन की हर बोगी की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।

 

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) जा रही डाउन 15018 ट्रेन के मऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही बम की सूचना मिली। इस खबर से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाए और ट्रेन को खाली कराया गया।

 

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

सूचना मिलते ही एसपी इलामारन और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाल अनिल कुमार सिंह, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

 

बम स्क्वायड की मदद से जांच

इसके बाद बम स्क्वायड टीम को बुलाकर ट्रेन की हर बोगी की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही प्लेटफॉर्म और स्टेशन के आसपास के इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को शांत रहने की अपील की जा रही है।

 

जांच के बाद होगा फैसला

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना करने का निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि नए साल को देखते हुए यूपी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button