बरेली में दलित किशोर से बर्बरता, दबंगों पर FIR

कैंट थाना क्षेत्र में दबंगों की हैवानियत दलित किशोर को घर से अगवा कर तालाब किनारे बेरहमी से पीटा गया। वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल तमंचा और चाकू दिखाकर किशोर को निर्वस्त्र कर मारपीट की गई। इंस्टाग्राम विवाद के बाद जान से मारने की धमकी पीड़ित की मां की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज।

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने एक दलित किशोर को उसके घर के पास से अगवा कर तालाब के किनारे ले जाकर निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

 

पीड़ित की मां की शिकायत पर कार्रवाई

पीड़ित किशोर की मां की तहरीर पर कैंट थाने में मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीख ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

तमंचे और चाकू के बल पर किया निर्वस्त्र

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तमंचे और चाकू के दम पर किशोर को निर्वस्त्र किया और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित की मां आरती देवी सदर बाजार क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पति मजदूरी करते हैं, जबकि वह एक निजी स्कूल में कार्यरत हैं।

 

घटना का वीडियो बनाया, सोशल मीडिया पर किया वायरल

आरती देवी के अनुसार, 31 दिसंबर की रात उनका 16 वर्षीय बेटा घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान आहीर मोहल्ला निवासी आरोपियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और चनेहटा रोड स्थित एक तालाब के पास ले गए। वहां हथियारों के बल पर किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई, उसे निर्वस्त्र किया गया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।

 

15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी

शिकायत में बताया गया है कि किसी तरह किशोर अपनी पैंट आरोपियों से छीनकर मौके से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी। घर पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर मामूली कहासुनी के बाद मुकुल यादव ने किशोर को 15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button