प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज हादसा, गैस रिसाव से 5 मजदूरों की मौत

कोल्ड स्टोरेज गिरने से अमोनिया गैस का खतरनाक रिसाव हादसे में 5 मजदूरों की मौत, कई लोग घायल लापरवाही की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन

प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चंदापुर स्थित सपा नेता अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया। प्रयागराज में हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसे वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पूरा कोल्ड स्टोरेज गिर रहा है और वहां काम कर रहे मजदूरों की जान किस तरह जोखिम में डाली गई थी।

 

हादसे का वीडियो आया सामने

सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कोल्ड स्टोरेज को मजबूत आरसीसी स्ट्रक्चर की बजाय खंभों के सहारे खड़ा किया गया था। हैरानी की बात ये है कि सपोर्ट के लिए सही बीम तक नहीं लगाई गई थी। इसके बावजूद भारी ट्रक उसी ढांचे पर खड़े किए जाते थे। इससे साफ है कि निर्माण में बड़े स्तर पर लापरवाही और मानकों का उल्लंघन किया गया। बताया जा रहा है कि अंसार अहमद, जो मुलायम सिंह यादव की सरकार में मंत्री रह चुके हैं, इस कोल्ड स्टोरेज से जुड़े हुए हैं।

 

छत गिरने से फटा अमोनिया टैंक

सोमवार शाम अचानक कोल्ड स्टोरेज की छत भरभराकर गिर गई, जिससे अंदर रखा अमोनिया गैस से भरा टैंक फट गया। टैंक फटने के बाद गैस तेजी से फैलने लगी और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। छत गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए और हालात बेहद गंभीर हो गए।

 

गैस रिसाव से गई मजदूरों की जान

अमोनिया गैस के रिसाव का असर इतना तेज था कि रेस्क्यू शुरू होने से पहले ही पांच मजदूरों की जान चली गई। करीब 16 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

 

जांच में जुटी पुलिस

प्रशासन के मुताबिक, हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर यह मामला लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button