प्रयागराज में IAS अधिकारी के घर से सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, 9 लोग गिरफ्तार
IAS अधिकारी के किराए के मकान में चल रहा था अवैध धंधा देर रात पुलिस रेड में 4 महिलाएं और 5 पुरुष गिरफ्तार मास्टरमाइंड सर्वेश द्विवेदी, जांच में जुटी पुलिस


IAS officer: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के कीटगंज इलाके में एक IAS अधिकारी के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। देर रात हुई छापेमारी में पुलिस ने चार महिलाओं और पांच पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है।
किराए पर दिया गया था IAS अधिकारी का मकान
जांच में सामने आया है कि जिस मकान में यह अवैध गतिविधि चल रही थी, वह एक IAS अधिकारी का है। हालांकि अधिकारी ने यह मकान 15 हजार रुपये महीने के किराए पर दे रखा था। पुलिस के मुताबिक मकान किराए पर लेने वाले व्यक्ति ने ही यहां सेक्स रैकेट संचालित किया।
शिकायत के बाद हुई गोपनीय जांच
यह मामला प्रयागराज के कीटगंज क्षेत्र स्थित खालासी लाइन मोहल्ले का है। पुलिस को यहां अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिली थी। इसके बाद ACP राजीव यादव के निर्देश पर गोपनीय जांच कराई गई। शिकायत सही पाए जाने पर कीटगंज थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ मकान नंबर 514 में छापेमारी की। रेड के दौरान मकान में मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।
कौन है सेक्स रैकेट का मास्टरमाइंड?
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड दरियाबाद का रहने वाला सर्वेश द्विवेदी है। उसी ने यह मकान किराए पर लिया था और यहां चार महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा था। पकड़ी गई महिलाओं में एक प्रयागराज, एक वाराणसी, एक दक्षिण भारत और एक पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि सर्वेश ही उन्हें इस काम में लगाता था।
ACP राजीव यादव का बयान
ACP राजीव यादव ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी, जिसके बाद गोपनीय जांच कर कार्रवाई की गई। पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है। मामले की जांच आगे भी जारी है।



