नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई लग्जरी कार, युवती की मौत
नोएडा में तेज रफ्तार स्कोडा कार डिवाइडर से टकराकर पलटी हादसे में युवती गुल्फिशा की मौत, दो लोग गंभीर घायल सेक्टर-71 अंडरपास के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

Uttar Pradesh: नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। सेक्टर-71 अंडरपास के पास तेज रफ्तार लग्जरी स्कोडा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
यह हादसा फेस-3 थाना क्षेत्र में बाबा बालकनाथ मंदिर के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतका की पहचान गुल्फिशा के रूप में हुई
पुलिस ने मृतका की पहचान गुल्फिशा के रूप में की है, जो बरेली के कोहाड़ापीर गांव की रहने वाली थी। हादसे में घायल युवक की पहचान मुर्तजा अब्बास (निवासी जामिया नगर, दिल्ली) और युवती की पहचान अनुष्का चौधरी (निवासी धौली प्याऊ, मथुरा) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।



