दिल्ली में हवा हुई बेहद जहरीली, GRAP-III लागू; कई इलाकों में AQI 400 के पार
दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स शनिवार सुबह 390 दर्ज हुआ। GRAP-III के तहत निर्माण और वाहनों पर रोक लगाई गई। वजीरपुर, जहांगीरपुरी और विवेक विहार सबसे अधिक प्रभावित इलाके रहे।

दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 390 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने ग्रैप-III (GRAP-III) के उपाय लागू कर दिए हैं। हर साल सर्दियों के मौसम में प्रदूषण बढ़ने पर दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत पाबंदियां लगाई जाती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेना फेफड़ों और दिल के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
जीआरएपी के चार चरण
GRAP के तहत वायु गुणवत्ता को चार स्तरों में बांटा गया है।चरण-1: खराब (AQI 201–300), चरण-2: बहुत खराब (AQI 301–400), चरण-3: गंभीर (AQI 401–450), चरण-4: गंभीर से भी अधिक (AQI 450 से ऊपर), जैसे-जैसे AQI बढ़ता है, वैसे-वैसे प्रतिबंध भी सख्त होते जाते हैं और कई गतिविधियों पर रोक लगा दी जाती है।
GRAP-III के तहत किन कामों पर रोक
GRAP-III लागू होने के बाद दिल्ली में गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के काम, पत्थर तोड़ने और खनन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, पुराने डीजल से चलने वाले मालवाहक वाहनों की एंट्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। स्कूलों में कक्षा 5 तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में की जा रही है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के दफ्तरों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम करने की अनुमति दी गई है।
वजीरपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब
शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया। सबसे खराब स्थिति वजीरपुर की रही, जहां AQI 443 दर्ज किया गया। इसके अलावा जहांगीरपुरी (439–442), विवेक विहार (437), आनंद विहार (435), गाजीपुर (435), रोहिणी (436), चांदनी चौक (419), बुराड़ी क्रॉसिंग (415) और आरके पुरम (404) जैसे इलाकों में भी हवा बेहद जहरीली रही।



