दिल्ली में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट का भंडाफोड़, अवैध फैक्ट्री से आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने वाले गिरोह का खुलासा अवैध फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में सामान बरामद नामी ब्रांड के नाम पर युवाओं की सेहत से खिलवाड़

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ठिकाने से भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। यह गिरोह नामी ब्रांड के नाम पर नकली सप्लीमेंट बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था।

 

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से करीब 150 किलो नकली न्यूट्रिशन सप्लीमेंट और कई ब्रांड के फर्जी स्टिकर बरामद हुए थे। जांच आगे बढ़ी तो हरियाणा के चरखी दादरी निवासी नवीन कुमार उर्फ बंजारा का नाम सामने आया।

 

रानी खेड़ा में चल रही थी अवैध फैक्ट्री

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के रानी खेड़ा गांव में छापा मारा, जहां अवैध फैक्ट्री में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से आरोपी नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

 

नामी कंपनियों के नाम पर धोखा

जांच में सामने आया कि आरोपी सस्ते पाउडर, माल्टोडेक्सट्रिन, कोको पाउडर और अलग-अलग फ्लेवर मिलाकर नकली प्रोटीन तैयार करता था। इसके बाद इन्हें नामी ब्रांड जैसे Optimum Nutrition और Syntha-6 के नाम से पैक कर बाजार में असली बताकर बेचा जाता था।

 

भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को 26 भरे हुए नकली प्रोटीन डिब्बे, सैकड़ों नकली स्टिकर और होलोग्राम, बड़ी संख्या में खाली जार और करीब 10 बैग कच्चा माल मिला। साथ ही सप्लीमेंट बनाने की मशीनें, वेटिंग मशीन, इंडक्शन सीलिंग मशीन और QR कोड प्रिंटिंग मशीन भी जब्त की गई हैं।

 

युवाओं की सेहत से खिलवाड़

जिम जाने वाले ज्यादातर युवा प्रोटीन सप्लीमेंट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में नकली उत्पादों का बाजार में आना बेहद खतरनाक है। इससे न सिर्फ लोगों की सेहत खराब हो सकती है, बल्कि गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

Related Articles

Back to top button