गोवा के नाइटक्लब में बड़ा हादसा, 23 लोगों की मौत
गोवा के अरपोरा में नाइटक्लब में सिलेंडर फटने से भीषण आग 23 लोगों की मौत, ज्यादातर किचन स्टाफ और कुछ टूरिस्ट शामिल फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर अब बड़े स्तर पर कार्रवाई होगी

गोवा के नॉर्थ इलाके में शनिवार देर रात एक नाइटक्लब में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, आग क्लब में मौजूद गैस सिलेंडर फटने से लगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर किचन स्टाफ शामिल हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी थीं। उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों में 3 से 4 टूरिस्ट भी थे। मौके पर पहुंचे CM ने बताया कि 23 में से 3 लोगों की मौत जलने से हुई, जबकि बाकी की मौत दम घुटने की वजह से हुई।
क्लब ने फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया था
शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाइटक्लब में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं हो रहा था। आग देर रात बिर्च बाय रोमियो लेन में लगी। यह क्लब अरपोरा गांव में स्थित है, जो पणजी से लगभग 25 किमी दूर है और पिछले साल ही शुरू हुआ था। CM सावंत ने कहा कि क्लब मैनेजमेंट और उन अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने नियमों का उल्लंघन होने के बावजूद क्लब को चलने दिया। उन्होंने इसे गोवा के टूरिस्ट सीजन के पीक टाइम का बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया।
राष्ट्रपति और PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट कर घटना पर शोक जताया और कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों की हर मदद कर रही है। उन्होंने PM राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जांच तेज, कई क्लबों के लाइसेंस रद्द होने की संभावना
स्थानीय BJP विधायक माइकल लोबो ने बताया कि सभी शव बरामद कर मेडिकल कॉलेज भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब सभी क्लबों का फायर सेफ्टी ऑडिट करेगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। कैलंगुट पंचायत সোমবার को सभी क्लबों को नोटिस जारी करेगी और उनसे फायर सेफ्टी परमिशन मांग जाएगी। जिन क्लबों के पास आवश्यक अनुमति नहीं होगी, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे।



