गुटखा थूकने के चक्कर में गई युवक की जान, ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत
चलती ट्रेन में गुटखा थूकना पड़ा भारी, युवक की दर्दनाक मौत भीड़ और लापरवाही बनी हादसे की वजह एक छोटी गलती ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

Up news: अगर आप ट्रेन में सफर करते वक्त दरवाजे पर खड़े होने या गुटखा थूकने जैसी आदत रखते हैं, तो यह खबर आपको जरूर सोचने पर मजबूर कर देगी। महोबा से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 32 साल के युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई सिर्फ गुटखा थूकने के दौरान संतुलन बिगड़ने की वजह से।
क्या है पूरा मामला?
महोबा के भटीपुरा मोहल्ले का रहने वाला लल्लू बीमार था। उसके पिता उसे इलाज के लिए झांसी ले जा रहे थे। दोनों मेमो ट्रेन से सफर कर रहे थे। सफर के दौरान ही यह हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
चलती ट्रेन से गिरा युवक
बताया जा रहा है कि ट्रेन जब घुटई स्टेशन पार करके दिदौरा रेलवे गेट के पास पहुंची, तब लल्लू गुटखा थूकने के लिए बोगी के गेट की तरफ गया। ट्रेन में काफी भीड़ थी, तभी अचानक धक्का लगने या संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे पटरी पर गिर गया। यात्रियों ने शोर मचाकर ट्रेन रुकवाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ती हुई हरपालपुर स्टेशन पर जाकर रुकी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
घटना के बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाई गई और लल्लू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गिरने के बाद कुछ समय तक वह होश में था और उसने धक्का लगने की बात भी कही थी।
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। बूढ़े पिता के कंधों पर जवान बेटे की अर्थी आ गई। पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चेतावनी है ये घटना
यह हादसा हर उस यात्री के लिए सबक है जो ट्रेन में लापरवाही करते हैं, चाहे वह दरवाजे पर खड़ा होना हो या गुटखा थूकने के लिए बाहर झुकना। एक छोटी सी गलती जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



