कोहरे में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बसों में लगी आग; 4 की मौत, 25 घायल

घने कोहरे में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा सात बसें और दो कारें टकराईं, कई वाहनों में लगी आग चार लोगों की मौत, 25 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मथुरा | घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास सात बसें और दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद पांच बसों और दो कारों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने चार मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। आग इतनी भीषण थी कि बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और घायलों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वयं जिला प्रशासन और एसएसपी को मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद जोरदार धमाके सुनाई दिए। एक चश्मदीद ने बताया कि गाड़ियों की टक्कर के बाद ऐसा लगा मानो गोलियां चल रही हों। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव में जुट गए। एम्बुलेंस कर्मी अमित कुमार ने बताया कि करीब 20 एंबुलेंस की मदद से लगभग 150 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि हताहतों की सही संख्या का आंकलन अभी जारी है।

 

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें आग बुझाने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में लगी रहीं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बसों में आग लगने से कई यात्रियों की झुलसकर मौत हो सकती है। हादसे के जो वीडियो सामने आए हैं, उन्हें देखकर जान-माल के बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल चार मौतों की ही आधिकारिक पुष्टि की है।

Related Articles

Back to top button