उत्तर प्रदेश में तेंदुआ हमला, डेढ़ साल के बच्चे की मौत

बलरामपुर के सोहलेवा वन क्षेत्र में तेंदुए ने डेढ़ साल के बच्चे को उठाया। बच्चा जंगल के पास मृत पाया गया, वन विभाग ने पुष्टि की। ग्रामीणों को सुरक्षा और सतर्कता के लिए चेतावनी जारी की गई।

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के सोहलेवा वन क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सोते समय एक मां की गोद से तेंदुए ने डेढ़ साल के बच्चे को उठा लिया। बच्चा जंगल के पास मृत अवस्था में मिला। वन विभाग ने इसकी पुष्टि की है।

 

बच्चे को मुंह में दबाकर ले गया तेंदुआ

वन अधिकारियों के अनुसार बनकटवा रेंज के नेवलगंज के रेहरा झोहना गांव में शनिवार रात धन्नावती अपने बेटे रोहित के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। रात करीब 2 बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उन्होंने देखा कि तेंदुआ रोहित को मुंह में दबाकर ले जा रहा है। धन्नावती ने शोर मचाया, लेकिन तब तक तेंदुआ बच्चे को लेकर गायब हो चुका था।

 

वन विभाग ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। काफी देर बाद उसका क्षत-विक्षत शव गांव के पश्चिम में जंगल के पास मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए ट्रैपिंग कैमरे लगाए जा रहे हैं, और वन विभाग की तीन टीमें सक्रिय हैं। साथ ही वन्य जीवों के बढ़ते हमलों को देखते हुए ड्रोन कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

जागरूक रहने की अपील

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात में घर के बाहर रोशनी रखें और घर के अंदर सुरक्षित रहें। जंगल के पास रहने वाले बच्चों को दिन में भी अकेला न जाने दें। उल्लेखनीय है कि सोहलेवा वन क्षेत्र में पिछले पखवारे में वन्य जीवों के हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button