उत्तर प्रदेश: बहराइच में गर्भवती महिला ने खुद को पहुंचाया गंभीर चोट, अस्पताल में जन्मी बेटी
ननकई ने प्रसव पीड़ा के दौरान खुद को किया घायल फखरपुर स्वास्थ्य केंद्र में बेटी को जन्म, हालत गंभीर महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया

Up news: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल गांव में 35 वर्षीय ननकई, जो करीब छह महीने पहले अपने पति को खो चुकी थीं, गुरुवार दोपहर अचानक असहनीय प्रसव पीड़ा से गुजर रही थीं। घर में कोई मौजूद न होने की वजह से दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया और उन्होंने ब्लेड से अपना पेट चीर लिया। उनकी चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े, लेकिन घर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए।
पड़ोसियों और ग्रामीणों ने बचाई जान
महिला खून से लथपथ तड़प रही थीं। पड़ोसियों ने तुरंत उनकी मां को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से ननकई को फखरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका प्रसव कराया और ननकई ने एक बेटी को जन्म दिया।
गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
खुद से किए गए घावों के कारण ननकई की स्थिति गंभीर बनी रही। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। अस्पताल में बातचीत के दौरान ननकई ने बताया कि प्रसव पीड़ा इतनी असहनीय थी कि उन्होंने खुद को चोट पहुंचाई। यह घटना पूरे जिले के लिए चौंकाने वाली और दुखद है।



