उत्तम नगर हत्याकांड: मुख्य आरोपी की संपत्ति पर चला बुलडोजर, होली के दिन हुई थी तरुण की हत्या

होली के दिन मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, 25 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या। मुख्य आरोपी निज़ामुद्दीन की अवैध संपत्ति पर एमसीडी का बुलडोजर एक्शन। एक नाबालिग समेत सात गिरफ्तार, सीएम ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए युवक की हत्या के मामले में अब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी निज़ामुद्दीन की संपत्ति पर एमसीडी ने बुलडोजर चलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से जुड़े अवैध निर्माण को गिराया जा रहा है। 25 वर्षीय तरुण की बेरहमी से हत्या के बाद पुलिस ने अब तक एक नाबालिग समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच लगातार जारी है।

 

सीएम ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना को बेहद दर्दनाक और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस तरह की हिंसक घटनाओं के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है और सरकार की नीति ऐसी वारदातों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अपराध में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कानून के तहत उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुश्किल समय में दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

 

मामूली बात से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, 4 मार्च को होली के दिन एक 9 साल की बच्ची से गलती से छत से पानी का गुब्बारा नीचे खड़ी एक महिला पर गिर गया था। इसी बात को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि करीब 20-25 लोग इसमें शामिल हो गए और मारपीट होने लगी। इसी दौरान 25 वर्षीय तरुण पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पीड़ित के भाई अरुण कुमार ने आरोप लगाया है कि इस हमले में कई लोग शामिल थे और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button