अजित पवार विमान हादसे पर ममता बनर्जी के सवाल, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

अजित पवार के विमान हादसे के बाद ममता बनर्जी ने निष्पक्ष जांच की मांग की ममता का दावा शरद पवार की पार्टी में लौटने वाले थे अजित पवार सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की उठी मांग, सियासत में हलचल

कोलकाता: डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, क्योंकि केंद्रीय एजेंसियों पर अब भरोसा नहीं किया जा सकता। हालांकि, ममता बनर्जी ने यह बयान तुरंत नहीं दिया। हादसे के बाद उन्होंने सबसे पहले शोक जताते हुए कहा था, “अजित पवार के अचानक निधन से मैं स्तब्ध हूं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और उनके सहयात्रियों की आज सुबह बारामती में हुए भयावह विमान हादसे में मौत हो गई। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, उनके चाचा शरद पवार जी और उनके समर्थकों के साथ हैं। इस घटना की पूरी जांच होनी चाहिए।” इसके कुछ घंटों बाद ममता बनर्जी ने इस मामले में दूसरा बयान जारी किया, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। ममता ने दावा किया कि अजित पवार शरद पवार की पार्टी में वापस लौटने वाले थे। उन्होंने कहा कि इस वजह से इस विमान हादसे की गहन जांच बेहद ज़रूरी है।

 

प्लेन क्रैश कब हुआ?

मिली जानकारी के अनुसार, यह विमान हादसा आज सुबह करीब 8:45 बजे पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर हुआ। हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में अजित पवार के अलावा उनका एक बॉडीगार्ड, एक केबिन क्रू सदस्य और दो पायलट शामिल थे। दरअसल, अजित पवार की आज बारामती में एक जनसभा प्रस्तावित थी। वे मुंबई से सुबह ही बारामती के लिए रवाना हुए थे, जहां उन्हें आगामी जिला परिषद चुनावों के प्रचार में शामिल होना था। लेकिन एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान यह भीषण हादसा हो गया। इस घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने अजित पवार के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button